रबी सीजन के लिए प्रदेश में पर्याप्त खाद उपलब्ध, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किसानों को किया आश्वस्त

लखनऊ प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने रविवार को विभागीय अधिकारियों के साथ खाद की उपलब्धता की समीक्षा की और किसानों को आश्वस्त किया कि रबी सीजन 2025-26 के लिए प्रदेश में उर्वरकों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी जोत के अनुपात में खाद उपलब्ध कराई जा रही है और वितरण की पूरी व्यवस्था पारदर्शी तरीके से की जा रही है।मंत्री ने बताया कि एमएफएमएस पोर्टल के अनुसार 2 नवम्बर 2025 तक प्रदेश में कुल 35.68 लाख मीट्रिक टन उर्वरक प्राप्त हो चुका है, जिनमें से 9.77 लाख मीट्रिक टन की बिक्री की जा चुकी है। इस प्रकार राज्य में 25.91 लाख मीट्रिक टन खाद का स्टॉक उपलब्ध है, जो गत वर्ष की इसी अवधि में उपलब्ध 24.32 लाख मीट्रिक टन की तुलना में 1.59 लाख मीट्रिक टन अधिक है।उन्होंने बताया कि वर्तमान में 4.35 लाख मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध है, जो गत वर्ष की तुलना में 1.94 लाख मीट्रिक टन अधिक है। एनपीके की उपलब्धता 4.80 लाख मीट्रिक टन है, जो गत वर्ष से 2.60 लाख मीट्रिक टन अधिक है। इसके अलावा 12.71 लाख मीट्रिक टन यूरिया, 3.03 लाख मीट्रिक टन एसएसपी तथा 1.02 लाख मीट्रिक टन एमओपी उपलब्ध है। सहकारिता समितियों के पास भी पर्याप्त स्टॉक मौजूद है — जिनमें 5.27 लाख मीट्रिक टन यूरिया, 1.80 लाख मीट्रिक टन डीएपी और 1.13 लाख मीट्रिक टन एनपीके शामिल हैं।कृषि मंत्री ने कहा कि रबी सीजन में उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी जनपदों में नियंत्रण कक्ष सक्रिय हैं।उन्होंने किसानों से अपील की कि समितियों और बिक्री केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई गई है, इसलिए एक साथ भीड़ न लगाएं। किसान अपनी सुविधानुसार नजदीकी समिति या निजी विक्रेता से खाद प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सभी किसानों को उनकी जोत के अनुसार खाद उपलब्ध कराई जाएगी।