अवैध पटाखों के खिलाफ खलीलाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 750 किलो पटाखे बरामद, एक गिरफ्तार

जितेन्द्र पाठक

संतकबीरनगर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने अवैध पटाखों के खिलाफ अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने 27 गत्तों में भरे करीब 750 किलो अवैध पटाखों के साथ एक अभियुक्त श्रवण कुमार पुत्र देवराज सिंह निवासी ओरी लाल पुरवा, थाना जैदपुर, जिला बाराबंकी को गिरफ्तार किया।

 

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी अजय सिंह के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय की टीम ने यह कार्रवाई की।

 

बरदहिया बाजार के पास से पकड़े गए आरोपी के पास से 27 गत्तों में भरे पटाखे और एक डीसीएम (UP32KN6393) बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लखनऊ से पटाखे खलीलाबाद निवासी पियूष को देने जा रहा था। उसके पास पटाखों का कोई लाइसेंस नहीं मिला।

 

इस संबंध में थाना खलीलाबाद में मुकदमा संख्या 952/2024 धारा 287 बीएनएस व 9(ख) विस्फोटक अधिनियम 1884 के तहत मामला दर्ज किया गया है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव, धर्मनाथ यादव, हेड कांस्टेबल सम्पूर्णानंद यादव, छोटेलाल सिंह सहित पुलिस टीम शामिल रही।