डायबिटीज़ अवेयरनेस एवं ए.सी.एम.ई. (ACME) विषय पर भव्य शैक्षणिक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन

बस्ती ( अनुराग लक्ष्य न्यूज ) स्वायत्तशासी राज्य मेडिकल कॉलेज, बस्ती एवं कैली अस्पताल, बस्ती के संयुक्त तत्वावधान में “डायबिटीज़ अवेयरनेस एवं ए.सी.एम.ई. (ACME)” विषय पर एक भव्य शैक्षणिक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आर.एस.एस.डी.आई. (RSSDI) उत्तर प्रदेश चैप्टर के सहयोग से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार एवं आर.एस.एस.डी.आई. उत्तर प्रदेश चैप्टर के पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।

अपने उद्घाटन उद्बोधन में डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि ऐसे वैज्ञानिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रम न केवल चिकित्सकों के ज्ञान को अद्यतन करते हैं, बल्कि डायबिटीज़ जैसी गंभीर बीमारियों की रोकथाम एवं प्रभावी प्रबंधन में मील का पत्थर सिद्ध होते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से मरीजों की देखभाल की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।

मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. (डॉ.) एन. s वर्मा एवं प्रो. (डॉ.) अजय तिवारी ने अपने सारगर्भित व्याख्यानों के माध्यम से मधुमेह के आधुनिक उपचार, नवीन शोध एवं जीवनशैली प्रबंधन पर विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. पंकज कुमार सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि डायबिटीज़ आज एक मौन महामारी का रूप ले चुकी है, ऐसे में चिकित्सकों का अद्यतन ज्ञान और सामूहिक प्रयास ही समाज को इस चुनौती से सुरक्षित रख सकता है। उन्होंने इसे “समय की आवश्यकता” बताया।

डॉ. आर. डी. पटेल, कार्यवाहक विभागाध्यक्ष (मेडिसिन विभाग), ने कहा कि यह आयोजन हमारे संकाय सदस्यों को संवेदनशीलता, समन्वय और आधुनिक चिकित्सा पद्धति के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित करेगा, जिससे मरीजों को सर्वोत्तम सेवा प्रदान की जा सके।

कार्यक्रम में कॉलेज एवं अस्पताल के शिक्षकों, रेज़िडेंट डॉक्टरों, छात्रों और आर.एस.एस.डी.आई. के प्रतिनिधियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह एवं पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया।