उपनिरीक्षक की तहरीर पर ई-रिक्शा चालक समेत चार पर कार्रवाई

बस्ती: शहर में चल रहे दुर्गा पूजा त्योहार के दौरान दुर्गा पूजा मेले में ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। इस हमले में यातायात उपनिरीक्षक घायल हो गए। जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों पर डयूटी में तैनात उपनिरीक्षक जयशंकर पांडेय की तहरीर पर विभिन्न संगीन धाराओं में शुभम सोनकर पुत्र विजय पाल सोनकर, रोहिणी सोनकर, -काजल व सहरावत निवासी पिपरा गौतम, थाना नगर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह घटना रविवार की रात सवा दस बजे मालवीय तिराहे पर हुई। जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम मेला स्थल पर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कर रही थी। इसी दौरान ई -रिक्शा लेकर एक मनबढ़ युवक आ गया। प्रतिबंधित क्षेत्र में जबरन ई-रिक्शा ले जाने के लिए डयूटी रत पुलिस कर्मियों से उसकी बहस हो गई। बहस ने हिंसक रूप ले लिया इस दौरान यातायात उपनिरीक्षक हरिकेश यादव घायल हो गए। उनके पैर में गंभीर चोटें आईं। तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। कहा कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला करने वाले असामाजिक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। यह कानून व्यवस्था को सीधे चुनौती देने का मामला है। आरोपितों पर शांतिभंग की कार्रवाई कर उनकी गिरफ्तारी की गई है।