बहराइच । जनपद में गांधी जयन्ती के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात कलेक्ट्रेट परिसर में सेनानी परिसर पहुंचकर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह व अन्य अधिकारियों, के साथ त्रिमूर्ति पर माल्यार्पण किया। इसके उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में डीएम ने अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ गाॅधी जी व शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये।
गाॅधी जयन्ती के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने राष्ट्रपिता महात्मा गाॅधी जी तथा पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री जी की जयन्ती व विजय दशमी की शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि गाॅधी जी व शास़्त्री जी के सत्य और अहिंसा पर आधारित विचार हमेशा प्रासंगिक रहेंगे। सादा जीवन, उच्च विचार, मितव्ययिता, नैतिकता, भाई-चारा तथा सर्वधर्म संभाव जैसे आदर्श जीवन मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा हमें महात्मा गाॅधी जी से मिलती है।
डीएम श्री त्रिपाठी ने सभी का आहवान किया कि किसी दूसरे की आलोचना किये बिना हम जहाॅ पर भी हैं, अपने कर्तव्यों का निर्वहन भली प्रकार से करें यही देश के शहीदों को सच्ची श्रृद्वांजलि होगी। डीएम ने कहा कि हमें गाॅधी जी व शास्त्री जी के आदर्शों का संकल्प लेकर पूरी जिम्मेदारी के साथ देश की उन्नति के लिए कार्य करना होगा। डीएम ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आहवान किया कि केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमन्द लोगों तक पहुंचाएं तथा आमजन की समस्याओं का समयबद्धता के साथ गुणवत्तापरक निस्तारण भी किया जाय।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी अमित कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी देवेन्द्र पाल सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद, डिप्टी कलेक्टर अमिता यादव, गायत्री परिवार के सूर्य प्रकाश त्रिपाठी, सेन्ट नार्बट के शिक्षक ज्यूड जोसफ सहित अन्य वक्ताओं ने गांधी जी व शास्त्री जी के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला। वक्तागण ने कहा कि हमें अपनी ज़िम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी के साथ निभाने की प्रेरणा गांधी जी व शास्त्री जी के जीवन से मिलती है। वक्ताओं ने कहा कि 02 अक्टूबर ऐसी तिथि है जिस दिन देश ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण विश्व की दो महान विभूतियों महात्मा गांधी जी व लाल बहादुर शास्त्री जी का जन्मदिवस मनाया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान शायर अल्लन बहराईची व कवि लक्ष्मीकान्त त्रिपाठी मृदुल द्वारा काव्यपाठ प्रस्तुत किया गया। जबकि डा. वेद मित्र शुक्ल ने बाॅसुरी वादन कर गांधी जी के प्रिय भजन ‘‘रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीता राम’’ को प्रस्तुत किया। डीएम द्वारा राष्ट्रगान प्रस्तुत करने वाली माण्टेसरी स्कूल की छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। जबकि कवियों एवं वक्ताओं को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन कलेक्ट्रेट कर्मी संदीप मिश्र ने किया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट व कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः