जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर – संतकबीरनगर के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान सूर्या सीनियर सेकेंड्री स्कूल में शनिवार को वर्तमान शैक्षणिक सत्र का पहला शिक्षक अभिभावक सम्मेलन आयोजित हुआ। इस सम्मेलन में अभिभावकों और शिक्षकों ने नौनिहालों के शैक्षणिक उन्नयन पर मंथन किया और उनके बेहतर परिणामों पर चर्चा की।
*अभिभावकों की संतुष्टि*
अभिभावकों ने परीक्षा परिणाम देखकर कहा कि नए सत्र के प्रथम पायदान पर बच्चों ने बेहतर परिणाम दिया है, जो विद्यालय द्वारा दी गई सुविधाएं और कुशल शिक्षकों के मार्गदर्शन के कारण ही संभव हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताया कि बच्चे आगे चलकर और भी बेहतर परिणाम देंगे।
*संस्थान के चेयरमैन का संदेश*
संस्थान के चेयरमैन डॉ उदय प्रताप चतुर्वेदी ने अभिभावकों की संतुष्टि पर कहा कि जीवन में ज्ञान प्राप्त करके ही इंसान तरक्की की बुलंदी पर पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा में पारंगत और ज्ञान से परिपूर्ण व्यक्ति ही आंतरिक और बाह्य दोनों रूप में शक्तिशाली होता है। उन्होंने अभिभावकों को आश्वस्त किया कि उनके पाल्यों को गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा और बेहतर संस्कार उपलब्ध कराने के लिए कभी भी संसाधनों की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।
*एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर का भरोसा*
एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर सविता चतुर्वेदी ने कहा कि शिक्षा सभी का मौलिक अधिकार है और संस्थान के बच्चों को शैक्षणिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विगत अन्य सत्रों की तरह ही आने वाले दिनों में भी संस्थान के नौनिहाल अपनी शैक्षणिक प्रतिभा की बदौलत जिले के टॉपर बनते रहेंगे।
*प्रधानाचार्य का बयान*
प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यालय सदैव आधुनिक शिक्षा संयंत्रों के माध्यम से अच्छी एवं बेहतर शिक्षा के लिए नई योजनाएं एवं नई सुविधाएं उपलब्ध कराता है, जिससे शिक्षा प्राप्त कर रहे सभी विद्यार्थियों का भविष्य उज्जवल हो सके। इस दौरान उप-प्रधानाचार्य शरद त्रिपाठी, अशोक चौबे, बलराम उपाध्याय, घनश्याम त्रिपाठी, अविनाश श्रीवास्तव, अष्टभुजा त्रिपाठी, आरती चौधरी आदि लोग मौजूद रहे।