रामनगरी अयोध्या में पंचम बड़ा मंगल: भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम, विशाल भंडारे में उमड़े श्रद्धालु

 

अयोध्या रामनगरी अयोध्या में पंचम बड़े मंगल के पावन अवसर पर भक्ति, सेवा और परोपकार का विहंगम दृश्य देखने को मिला। श्री वाणी स्वीट्स और अयोध्या की प्रसिद्ध सिद्ध पीठ रंग महल पीठ के पीठाधीश्वर संत शिरोमणि महंत रामशरण दास जी के सान्निध्य में विभीषण कुंड के समीप एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस पुण्य आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने भक्ति-भाव से हिस्सा लिया।
इस भव्य भंडारे का शुभारंभ छोटू भैया रंग महल द्वारा किया गया। इस अवसर पर बातचीत करते हुए छोटू भैया एवं हितेश जी ने कहा, “रामनगरी में आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना हमारा परम कर्तव्य है। श्री हनुमान जी के पावन दिन पर आयोजित यह भंडारा इसी सेवा भावना का प्रतीक है।”
भंडारे की शुरुआत सुबह होते ही हो गई थी और देर रात तक श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क प्रसाद वितरण जारी रहा। भंडारे में पूड़ी-सब्ज़ी, खीर, बूंदी, हलवा और शरबत जैसे पारंपरिक एवं सात्विक व्यंजनों की व्यवस्था की गई थी। दिनभर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह के साथ सेवा प्रदान की।
संत शिरोमणि महंत रामशरण दास जी के आशीर्वाद से यह आयोजन न केवल एक धार्मिक अनुष्ठान बना, बल्कि सेवा और भक्ति की एक अनुपम मिसाल भी पेश की। आयोजन स्थल पर सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े। इस आयोजन में मनुभूमि संस्था के संस्थापक मोनू चौहान का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर श्री वाणी स्वीट्स के प्रोपराइटर हितेश, कुशल अग्रवाल, सत्यम पांडे, मोनू चौहान, RS ग्रुप संचालक सुंदरम और पार्थ सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर प्रसाद वितरण किया और भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया।