वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक
कुरुक्षेत्र में 21 जून को होने वाले योग महाकुंभ में पहुंचेंगे एक लाख से ज्यादा योग साधक।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र के नागरिकों को योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा का दिलाया संकल्प। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यूएनओ में रखे गए प्रस्ताव को सहमति देकर 177 देशों ने योग को अपनाया।
कुरुक्षेत्र का अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का कार्यक्रम होगा ऐतिहासिक और भव्य।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नगर पार्षदों, सरपंचों व धार्मिक तथा सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों से योग दिवस को लेकर किया सीधा संवाद।
कुरुक्षेत्र, 8 जून : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि धर्मक्षेत्र- कुरुक्षेत्र को विश्व के मानचित्र पर योग भूमि के रूप में भी जानेंगे। इसके लिए प्रदेश सरकार की तरफ से 21 जून को कुरुक्षेत्र ब्रह्मसरोवर क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में एक लाख से ज्यादा योग साधक पहुंचेंगे। इतना ही नहीं 21 जून को योग दिवस पर पूरे प्रदेश में 10 लाख से ज्यादा लोग अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के साथ जुडेंगे। इन ऐतिहासिक और यादगार लम्हों को विश्व के कोने-कोने में देखा जा सकेगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को मल्टी आर्ट कल्चर सेंटर के सभागार में जिला प्रशासन की तरफ से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर संस्थाओं के साथ आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ब्रह्मसरोवर और मेला क्षेत्र में एक लाख से ज्यादा लोगों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सुरक्षा प्रबंधों को लेकर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, उपायुक्त नेहा सिंह, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डा. जयदीप आर्य, पतंजलि योगपीठ के केन्द्रीय प्रभारी राकेश से फीडबैक लेकर चर्चा की है। इस योग महाकुंभ को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए है। इसके उपरांत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र के नागरिकों को योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा का संकल्प दिलवाया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जब देश में स्वच्छता और योग होगा तो देश गति के साथ विकसित भारत की तरफ बढ़ेगा। इस अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को प्रदेश में 27 मई से स्वच्छता अभियान चलाकर शुरू कर दिया गया है, 21 जून के आयोजन के लिए योग की कक्षाएं शुरू हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब यूएनओ में योग का प्रस्ताव रखा तो 177 देशों ने इस पर अपनी सहमति दी और हमारी धरा से निकाला योग विश्व में हर जन-जन तक पहुंचा है। प्रधानमंत्री ने योग पद्धति को पूरी दुनिया में फैलाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का कार्यक्रम ऐतिहासिक और भव्य होना चाहिए। योग किसी एक व्यक्ति या एक विचार का कार्यक्रम नहीं है। योग में हमारी प्राचीन विचारधारा सम्मिलित है, ऋषियों ने हमें उपहार के तौर पर योग और ध्यान दिया है। योग करने से मनुष्य हष्ट-पुष्ट रहता है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि योग को लेकर योग ऋषि स्वामी रामदेव ने योग को बनाए रखने का काम किया है। अब ऐसा ऋषि का भगवान श्रीकृष्ण की धरा धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र में 21 जून को आना कुरुक्षेत्र वासियों के लिए बड़े गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि योग दिवस को लेकर राष्ट्र धीम एक पृथ्वी एक स्वस्थ है। जबकि प्रदेश में इसके साथ योग युक्त नशा मुक्ति हरियाणा को जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि बीच में लोगों की सोच बीमारी दूर करने के लिए एक गोली लेकर काम चलाने की हो गई थी, लेकिन जब पता चला कि योग से उन बीमारियों को तहस- नहस किया गया है जिन्हें गोलियां रोक भी नहीं सकती हैं। उन्होंने कहा कि कुछ ताकतें हमारे युवाओं को नशे की तरफ धकेलने का प्रयास कर रहीं हैं। युवा पीढ़ी के भविष्य को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। इसको रोकने के लिए योग को बनाकर नशे से दूर करना होगा, क्योंकि हमारी युवा पीढ़ी को नुकसान होन का मतलब देश के विकास की गति को आगे बढऩे से रोकना है। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश का कल्चर तो शुरू से अलग रहा है। यहां पर कहावत है कि देशां म्य देश हरियाणा, जित दूध दही का खाना।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नगर पार्षदों, सरपंचों, सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों और कुरुक्षेत्र वासियों से आग्रह करते हुए कहा कि 21 जून को सभी अपनी निंद्रा को छोड़कर सुबह 4 बजे ब्रह्मसरोवर व मेला ग्राउंड में पहुंचकर योग के इस महान यज्ञ में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएं। उन्होंने कहा कि इस अभियान में ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़े और जिसको जो जिम्मेदारी दी जाएगी को प्रमुखता के साथ निभाने का काम करें। उन्होंने कहा कि ये केवल मात्र योग दिवस नहीं है बल्कि एक मेला है। जिस प्रकार हम दीपावली, होली, भाईदूज जैसे त्योहारों को मनाते हैं, इस अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को भी उसी प्रकार मनाया जाए।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए 103 सेक्टरों में बांटा क्षेत्र।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ब्रह्मसरोवर और मेला ग्राउंड को 103 सेक्टरों में बांटा गया है। इनमें से 64 सेक्टर ब्रह्मसरोवर और 37 सेक्टर मेला ग्राउंड व आसपास के क्षेत्र में बनाए गए हैं। हर सेक्टर में एक हजार साधकों के योग करने की व्यवस्था बनाई गई है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सेक्टर में जिला प्रशासन की तरफ से एक नोडल अधिकारी, पतंजलि योग पीठ और जिलाध्यक्ष भाजपा की तरफ से एक-एक वालंटियर व्यवस्था बनाने के लिए मौजूद रहेगा।
कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने सत्ता के समय केवल अपने लिए जुटाई सुविधाएं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी फस्ट्रेशन में है। सत्ता में रहते हुए कभी भ्रष्टाचार को नहीं रोका गया। जरूरतमंद, गरीब परिवार के लिए कभी योजनाएं नहीं बना गई। कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने सिर्फ अपनी सुविधाएं जुटाने का काम किया। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर वर्ग के बारे में सोचा। उन्होंने हर वर्ग को सुविधाएं दिए जाने के लिए नॉन स्टॉप काम करते हुए देश को विकसित भारत बनाने की तरफ बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने संस्थाओं, एनजीओ के पदाधिकारियों को दिलवाई शपथ
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभागार में मौजूद संस्थाओं, एनजीओ व अन्य लोगों को शपथ दिलवाई। उन्होंने कहा, मैं आज संकल्प लेता हूं कि मैं अपने जीवन में नियमित रूप से योग, प्राणायाम और ध्यान को अपनाउंगा। मैं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहूंगा और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करंगा। मैं अपने परिवार समाज और कार्यस्थल में योग का प्रचार प्रसार करूंगा। मैं हरियाणा को योग युक्त, नशा मुक्त राज्य बनाने के इस महान यज्ञ में सक्रिय भागीदारी निभाउंगा। मैं स्वास्थ्य, संयमित और सकारात्मक जीवन जीने के लिए प्रतिबद्ध हूं। हरियाणा को बनाना है योग मेरा संकल्प है नशो विरोध मेरा प्रयास है। हरियाणा को बनाना है उत्तम, योग युक्त नशा मुक्त हरियाणा।
कार्यक्रम में हर घर से पहुंचेंगे नागरिक : सुभाष सुधा।
पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का कार्यक्रम कुरुक्षेत्र वासियों और कुरुक्षेत्र की जनता के लिए सौभाग्य की बात है। कुरुक्षेत्र के इस कार्यक्रम को पूरे विश्व में देखा जा सकेगा। साथ ही कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रशासन का पूरा सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया इस कार्यक्रम में शहर के हर घर से नागरिक हिस्सा लेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री से शहर में एक मेडिटेशन सेंटर खोलने की अपील की।
कार्यक्रम की सभी तैयारियों की रूपरेखा तैयार: नेहा सिंह।
उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि 21 जून को ब्रह्मसरोवर व मेला ग्राउंड में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रशासन द्वारा कार्यक्रम की सभी रूप रेखाओं को तैयार कर लिया गया है। स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के साथ बैठक करके उन्हें कार्यक्रम के साथ जोड़ा गया है। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने और वहां योग करने, जलपान, पार्किंग व प्रचार सहित अन्य सुविधाओं को पूरा किया जा रहा है।
प्रदेश के 10 लाख योग साधक लगाएंगे औषधीय गुणवत्ता वाला पौधे:डा. जयदीप आर्य
योग आयोग के अध्यक्ष डॉ. जयदीप आर्य ने कहा कि 21 जून को कुरुक्षेत्र से योग के साथ पर्यावरण संरक्षण का आगाज हो रहा है। ये कार्यक्रम कुरुक्षेत्र का नाम विश्व के पटल पर लाने के लिए शिलान्यास कार्यक्रम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 10 लाख योग साधक औषधीय गुणवत्ता वाले पौधों को रोपित भी करेंगे और कुरुक्षेत्र में एक लाख से ज्यादा योग्य सड़क एक साथ योग करके विश्व का रिकॉर्ड कायम करेंगे।
भाजपा के जिला अध्यक्ष तिजेन्द्र सिंह गोल्डी ने मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा की तरफ से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता योग महाकुंभ में पहुंचेंगे। आयोग के वाइस चेयरमैन डा. रोशन लाल ने मेहमानों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, योग आयोग के अध्यक्ष डॉ. जयदीप आर्य, उपायुक्त नेहा सिंह, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष तिजेंदर सिंह गोल्डी,चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, चेयरमैन धर्मवीर डागर, सरस्वती बोर्ड के उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच, जिला परिषद अध्यक्ष कंवलजीत कौर, भाजपा नेता जयभगवान शर्मा, सुभाष कलसाना, पतंजलि योगपीठ के केंद्रीय प्रभारी राकेश, महिला पतंजलि राज्य प्रभारी मैडम अमर राविश, साध्वी देवपवाणी, ईश आर्य, डा. मनीष कुकरेजा, पिछड़ा वर्ग के अध्यक्ष रामकुमार रंबा, प्रदीप झांब, ओम प्रकाश, गुलशन ग्रोवर, डा. रोशन लाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।