अरबी-फारसी मुंशी/मौलवी व आलिम परीक्षा परिणाम घोषित, मुंशी में मोहम्मद आकिब और आलिम में फुरकान अली रहे टॉपर

लखनऊ,  उत्तर प्रदेश के पंचायती राज, अल्पसंख्यक, मुस्लिम वक्फ एवं हज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने आज विधानभवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में दोपहर 12:30 बजे बटन दबाकर अरबी और फारसी विषयों की मुंशी/मौलवी (सेकेंडरी) तथा आलिम (सीनियर सेकेंडरी) परीक्षा-2025 का परिणाम घोषित किया। परीक्षाफल विभागीय वेबसाइट https://madarsaboard.upsdc.gov.in पर अपलोड कर दिया गया है, जिसे परीक्षार्थी अब ऑनलाइन देख सकते हैं।इस अवसर पर मंत्री ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अल्पसंख्यक समाज के उत्थान और शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज के विकास के लिए शिक्षा सबसे बुनियादी आवश्यकता है।मंत्री राजभर ने बताया कि उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित इस परीक्षा में कुल 88,082 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए थे, जिनमें से 68,423 छात्र परीक्षा में सम्मिलित हुए। इनमें 33,869 छात्र और 34,554 छात्राएं शामिल थीं।
घोषित परिणाम के अनुसार, मुंशी/मौलवी (सेकेंडरी) परीक्षा में 42,439 परीक्षार्थी सफल हुए, जहां उत्तीर्णता दर 87.66 प्रतिशत रही। वहीं आलिम (सीनियर सेकेंडरी) परीक्षा में 17,544 परीक्षार्थियों ने सफलता हासिल की, जिसमें उत्तीर्णता प्रतिशत 94.62 रहा।टॉपर्स की बात करें तो मुंशी/मौलवी परीक्षा में अमेठी के मोहम्मद आकिब ने 600 में से 536 अंक (89.33%) पाकर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर रहे फरहान राजा (कुशीनगर) ने 530 अंक प्राप्त किए, जबकि तीसरे स्थान पर साजिया शमीम, शहनाज जहां और शमशियारा खातून ने संयुक्त रूप से 529 अंक (88.17%) के साथ स्थान हासिल किया।
आलिम परीक्षा में मुरादाबाद के फुरकान अली ने 500 में से 475 अंक (95%) प्राप्त कर टॉप किया। सदरूननिसा ने 474 अंक (94.8%) के साथ दूसरा स्थान और नमन खान ने 469 अंक (93.8%) पाकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।परिणाम घोषणा कार्यक्रम के दौरान अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश अंसारी, प्रमुख सचिव संयुक्ता समद्दर, निदेशक अंकित अग्रवाल, मदरसा शिक्षा परिषद के रजिस्ट्रार आर.पी. सिंह, संयुक्त निदेशक एस.एन. पांडेय समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।