मनबढ़ घरातियों ने दूल्हे को 12 घंटे तक बनाया बंधक

 

-बारातियों को मारकर खदेड़ा

दूल्हे के पिता से नकदी व जेवर छीने

संतकबीर नगर: महुली थाना के बेलडुहा गांव में बुधवार की रात करीब बारह बजे जयमाल के समय कुछ मनबढ़ घराती किसी कारणवश बारातियों पर हमला कर दिए। दूल्हे को बंधक बना लिया। उसके पिता से नकदी,जेवर आदि सामान छीन लिए। गाड़ी को अपने कब्जे में लेते बारातियों को मारपीटकर भगा दिए। इससे शादी नहीं हो पाई।

महुली थाना के बेलडुहा गांव में इसी थाना के भैंसही उर्फ भैंसवरियां गांव से बुधवार को बारात आई थी। रात के करीब बारह बजे जयमाल के समय करीब 18 घराती किसी कारणवश बारातियों पर हमला कर दिए। उन्हें मारने-पीटने लगे। इससे अफरा-तफरी मच गयी। इस घटना में करीब 12 बाराती घायल हो गए। मनबढ़ घरातियाें ने दूल्हा को बंधक बना लिया। बारात लेकर आए 14 वाहनों को भी अपने कब्जे में ले लिया। बारातियों को मार कर खदेड़ दिया। आरोप है कि इन्होंने दूल्हे के पिता से डेढ़ लाख नकदी व लाखों रुपये का जेवर छीन लिया। बारातियों ने इस घटना की सूचना रात के करीब दो बजे मुकामी थाने को दी। पुलिस के समय से न पहुंचने के कारण दूल्हा काफी देर तक बंधक बना रहा। इन्हें छुड़ाया नहीं जा सका। शादी नहीं हो पाई। गुरुवार को दोपहर के बारह बजे तक दूल्हा बंधक बना रहा। थानाध्यक्ष रजनीश राय ने बताया कि दोनों पक्ष से इस संबंध में बातचीत की जा रही है। इसके बाद आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
————————