बस्ती। कप्तानगंज विकासखंड अन्तर्गत नरायन पुर पाण्डेय निवासी राजेश पाण्डेय की पुत्री मनसा पाण्डेय ने अपने पहले ही प्रयास में नेट जेआरएफ में सफलता प्राप्त कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि पर लोगों में प्रसन्नता की लहर है।
भारत सरकार के वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद की यूजीसी नेट दिसंबर2024 की परीक्षा का स्कोर कार्ड तो 17 अप्रैल को जारी हो गया था लेकिन उसका अंतिम कट ऑफ बुधवार की रात जारी हुआ। मनसा पाण्डेय को 99.68 परसेंटाइल के साथ अखिल भारतीय स्तर पर लाइफ साइंस विषय में 87 वा स्थान प्राप्त हुआ।अब मनसा किसी विश्वविद्यालय से शोध कार्य करेंगी जिसके लिए उन्हें भारत सरकार से नियत मानदेय प्राप्त होगा। सूचना जब परिजनों को मिली तो उनके खुशी का ठिकाना नहीं रहा । नरायन पुर पाण्डेय जैसे छोटे से गांव में नेट जेआरएफ में सफल होने वाली यह दूसरी बालिका है।इसके पहले इसी गांव की प्रभा पाण्डेय का चयन हो चुका है।बस्ती के सेंट मिशन से हाई स्कूल एवं इंटर की परीक्षा पास करने वाली मनसा ने लखनऊ के आईटी कॉलेज से अपनी स्नातक व परास्नातक की परीक्षा उत्तीर्ण किया। उनके पिता राजेश पाण्डेय बस्ती जिला मुख्यालय पर स्थित प्रधान डाकघर में डिप्टी पोस्ट मास्टर तथा मां संगीता पाण्डेय वहीं सहायक पोस्ट मास्टर के रूप में तैनात है। उनकी इस सफलता पर परिजन लक्ष्मीकांत पाण्डेय ,प्रदीप पाण्डेय,दिलीप पाण्डेय,हरि शंकर पाण्डेय, अनिरुद्ध पाण्डेय, सन्देश पाण्डेय, रुद्राक्ष पाण्डेय सहित तमाम लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दिया है।