महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या थाना राम जन्मभूमि क्षेत्र की पुलिस ने शुक्रवार को मानवता और तत्परता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए एक लापता मंदबुद्धि बालक को महज 5 घंटे के भीतर सकुशल ढूंढ निकाला और उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की इस सराहनीय कार्यशैली की क्षेत्रवासियों के साथ-साथ बच्चे के परिवार ने भी मुक्त कंठ से प्रशंसा की है। मिली जानकारी के अनुसार, कजियाना मोहल्ला निवासी एक मंदबुद्धि बालक शुक्रवार सुबह अचानक अपने घर से कहीं चला गया था। जब परिजनों द्वारा काफी तलाश करने के बावजूद बच्चे का कोई पता नहीं चला, तो उन्होंने तत्काल राम जन्मभूमि थाने में इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अभिमन्यु शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और बच्चे की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की, आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और बच्चे की तलाश के लिए व्यापक स्तर पर माइकिंग भी कराई। पुलिस के अथक प्रयासों का फल मिला और आखिरकार 5 घंटे के भीतर बालक को नया घाट क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। अपने बच्चे को सकुशल पाकर परिजनों की आँखों में खुशी के आंसू छलक आए। उन्होंने राम जन्मभूमि थाना पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया। इस सराहनीय कार्य ने एक बार फिर राम जन्मभूमि थाना पुलिस की कार्यकुशलता और संवेदनशीलता को उजागर किया है।