बस्ती में भाजपा कार्यकर्ताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर किया स्वच्छता अभियान व श्रद्धांजलि कार्यक्रम

बस्ती: भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर जिलेभर में स्वच्छता अभियान चलाया और अम्बेडकर मूर्तियों पर दीप प्रज्वलित किए।

मुख्य कार्यक्रम सोमवार सुबह आयोजित हुआ, जिसमें बाबा साहेब की मूर्ति पर माल्यार्पण कर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। यह आयोजन जिले के सभी 2156 बूथों पर सम्पन्न हुआ। जहां बाबा साहेब की प्रतिमा उपलब्ध नहीं थी, वहां उनके चित्र लगाकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

प्रत्येक स्थान पर आयोजित कार्यक्रमों में वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के विचारों पर प्रकाश डाला। इसी क्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने मड़वानगर अम्बेडकर पार्क में स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

जिलाध्यक्ष मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर की विचारधारा मानवतावादी रही है। उनका उद्देश्य समाज के शोषित, पीड़ित और दलित वर्ग को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें न्याय दिलाना था।

अभियान संयोजक अमृत कुमार वर्मा ने बताया कि भाजपा इस बार बाबा साहेब की जयंती को “भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान” के रूप में मना रही है। यह अभियान पखवाड़े भर चलेगा, जिसके अंतर्गत सरकार व संगठन स्तर पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि रविवार को लखनऊ में आयोजित कार्यशाला में मुख्यमंत्री ने इस अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की और इसे प्रदेशव्यापी बनाने की घोषणा की।

यह अभियान बाबा साहेब के योगदान को स्मरण करने, उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

इस मौके पर भानु प्रकाश मिश्र, अमृत कुमार वर्मा, सुभाष श्रीवास्तव, रवि तिवारी, राजकुमार शुक्ल, दिव्यांशु दुबे, सुरेंद्र गौतम, फूलचंद्र गौतम, अमित कन्नौजिया, आदित्य शर्मा, गौरव अग्रवाल, प्रदीप निषाद सहित सैकड़ों की संख्या में मौजूद रहे।