जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मुख्य विकास अधिकारी के उपस्थिति में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की समीक्षा बैठक आयोजित

अंबेडकर नगर 29 मार्च 2025। दिनांक 28 मार्च 2025 को जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला के उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की समीक्षा बैठक आयोजित किया गया।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि मा० प्रधानमंत्री जी के संकल्प के तहत सभी पात्र एवं जरूरतमंदों के सिर पर छत का सपना साकार करने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के द्वितीय चरण में पात्रों का चयन कर उनको प्राथमिकता से लाभान्वित किया जाना है। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा नगर निकायों से पात्र लाभार्थियों की डीपीआर तैयार कर भेजे जाने के निर्देश प्राप्त हुए हैं, जिसके क्रम में शासन द्वारा निर्धारित पात्रता की शर्तों के दिशा निर्देशानुसार सत्यापन कर रिपोर्ट भेजी जानी है। उन्होंने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत आवेदक का मोबाइल से लिंक आधार कार्ड होना अनिवार्य है। इसके साथ ही बैंक की पासबुक की छायाप्रति, आवेदक का तीन लाख रूपये वार्षिक तक का आय प्रमाण पत्र, आवेदक के परिवार के सदस्यों का आधार कार्ड, आवेदक का पैन कार्ड, आवेदक के जमीन से सम्बन्धित दस्तावेज होने चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवेदन परिवार में महिला के नाम से कराना अनिवार्य है। सिर्फ एकल पुरुष ही परिवार में है तो अपने नाम से आवेदन कर सकता है। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी डॉ सदानंद गुप्ता, उप जिलाधिकारी,तहसीलदार, समस्त अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका /नगर पंचायत अंबेडकर नगर तथा संबंधित विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौके पर उपस्थित रहे।