सेवा सुशासन के 8 वर्ष पूरे: संतकबीरनगर के तीनों विधायकों ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां 

जितेन्द्र पाठक

संतकबीरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सेवा सुशासन के 8 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने इसे एक महोत्सव के रूप में मनाया। संतकबीरनगर जिले की तीनों विधानसभाओं—खलीलाबाद, मेंहदावल और धनघटा—में विधायकों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जनता के बीच रखा।

 

खलीलाबाद विधायक अंकुर राज तिवारी का बयान

 

खलीलाबाद सदर विधायक अंकुर राज तिवारी ने कहा कि जिले में विकास की नई इबारत लिखी गई है। उन्होंने कहा, “भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में संतकबीरनगर में जितना विकास हुआ है, उतना पिछले 20 वर्षों में नहीं हुआ था। जिले में रोडवेज, पांच प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण, अंडरपास, और बायो-केमिकल प्लांट जैसी सुविधाएं दी गई हैं, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा।” उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार में महिलाओं को पहले से अधिक सम्मान और आत्मनिर्भरता मिली है।

 

मेहदावल विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने बताई विकास योजनाएं

 

मेहदावल विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में यह क्षेत्र केवल चारागाह बना रहा, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे विकास के पथ पर आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा, “मेहदावल में बिजली और सड़क सबसे बड़ी समस्या थी। हमने तीन वर्षों में तीन विद्युत सबस्टेशन बनवाए और दो और को शासन से स्वीकृति दिलाई। अब विधानसभा क्षेत्र में 24 घंटे में 20 घंटे बिजली उपलब्ध हो रही है।” उन्होंने बताया कि विधान सभा की कई प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण और निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और बाकी सड़कों को भी जल्द पूरा कर दिया जाएगा।

 

धनघटा विधायक गणेश चौहान का विकास पर जोर

 

धनघटा विधायक गणेश चौहान ने कहा कि उनके क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने बताया, “हमने शहीद गांव घोराग में सौंदर्यीकरण, संठी सड़क के चौड़ीकरण, घाघरा नदी पर बांधों की मरम्मत, और दर्जनों सड़कों के निर्माण कार्य पूरे किए हैं। आने वाले दो वर्षों में धनघटा को एक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।”

 

उन्होंने यह भी बताया कि शिव बखरी गांव में बनने वाले अस्पताल के निर्माण में गड़बड़ी करने वाली कार्यदायी संस्था पर 90 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है और जल्द ही अस्पताल का कार्य पूरा किया जाएगा।

 

विपक्ष पर साधा निशाना

 

तीनों विधायकों ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे केवल विकास कार्यों में बाधा डालने और बेवजह हंगामा करने का काम कर रहे हैं।