बस्ती। गैंगेस्टर में वांछित दो अर्न्तजनपदीय अपराधियों को पुरानी बस्ती पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से की है। पुलिस के अनुसार संतकबीरनगर जिले के महुली थाना क्षेत्र के ककरही निवासी पंकज चौधरी उर्फ गोलू, अर्जुन चौधरी, अयोध्या जिले के महराजगंज थाना क्षेत्र के रामपुर हलवारी निवासी अमित यादव संगठित अपराध करने के अभ्यस्त है। तीनो को ट्रैक्टर ट्राली चुराकर नेपाल बेचने ले जाते समय पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के चैनपुरवा के पास 7 अक्टूबर 2024 को गिरफ्तार किया गया था। वर्तमान में तीनो जमानत पर जेल से बाहर थे। उनके आपराधिक क्रियाकलापों को देखते हुए यूपी गैंगेस्टर एक्ट में मुकदमा पंजीकृत कर गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें लगाई गई थी। इनमें से अर्जुन चौधरी व अमित यादव को सर्विलांस टीम की मदद से गिरफ्तार कर लिया गया। एक अन्य की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।