अयोध्या में होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बैठक

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। आगामी होली पर्व को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अयोध्या श्री चंद्र विजय सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अयोध्या श्री राजकरन नय्यर ने की। बैठक में जनपद के सभी संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि होली का पर्व शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जा सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाएं। जिलाधिकारी ने नागरिकों से भी अपील की कि वे होली का पर्व शांति और सद्भाव के साथ मनाएं और किसी भी प्रकार के अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन होली पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए पूरी तरह से तैयार है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखेगी और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को आश्वस्त किया कि वे होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।