सूर्या कैंपस में पूर्व सपा महासचिव नित्यानंद यादव का 46वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया

डा. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने गले मिलकर दी शुभकामनाएं, समर्थकों ने जगह-जगह काटा केक

जितेन्द्र पाठक

संतकबीरनगर। जिला मुख्यालय स्थित सूर्या कैंपस में शनिवार को समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला महासचिव एवं प्रदेश सचिव नित्यानंद यादव का 46वां जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सूर्या ग्रुप के चेयरमैन एवं समाजसेवा के प्रखर हस्ताक्षर डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने अपने बचपन के मित्र को गले लगाकर उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।

सुबह जिला मुख्यालय पहुंचने के बाद नित्यानंद यादव सूर्या संस्थान परिसर में आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल हुए, जहां उन्होंने डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ केक काटा। इस खास मौके पर डॉ. चतुर्वेदी ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा, “नित्यानंद यादव ने जमीनी स्तर पर संघर्ष करते हुए राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई है। समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलना उनकी विशेषता रही है। मैं उन्हें उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं और उम्मीद करता हूं कि वे इसी निष्ठा के साथ आगे बढ़ते रहेंगे।”

श्री यादव ने इस स्नेह और सम्मान के लिए डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी का आभार व्यक्त किया और कहा कि बचपन से ही उन्हें उनका मार्गदर्शन और प्रेम मिलता रहा है। उन्होंने कहा, “डॉ. चतुर्वेदी मेरे लिए बड़े भाई के समान हैं, जिन्होंने हर संघर्ष में मेरा साथ दिया। उनके आशीर्वाद और प्रेरणा से मैं समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का प्रयास कर रहा हूं।”इस अवसर पर नितेश द्विवेदी, चिंतामणि उपाध्याय, सूर्यभान यादव, प्रवीण उपाध्याय, लल्लन यादव, शंकर यादव, पिंटू गोस्वामी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और सभी ने श्री यादव को बधाइयां दीं। समर्थकों ने भी विभिन्न स्थानों पर केक काटकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।