संतकबीरनगर में पुलिस एनकाउंटर: एक लुटेरे के पैर में लगी गोली, दो गिरफ्तार

लुट की घटना में सेल्समैन के शामिल होने की आशंका।

जितेन्द्र पाठक

संतकबीरनगर जिले में मंगलवार सुबह पुलिस और लुटेरों के बीच मुठभेड़ हुई। यह एनकाउंटर बेलहर कला थाना क्षेत्र में सेल्समैन से हुई लूट के आरोपियों को पकड़ने के दौरान हुआ। पुलिस ने दो लुटेरों को गिरफ्तार किया, जिसमें से एक के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मौके से ₹2.52 लाख नकद, एक पिस्टल, 315 बोर का तमंचा, कारतूस और एक पल्सर बाइक बरामद की है। एसपी सत्यजीत गुप्ता ने घटनास्थल और जिला अस्पताल का निरीक्षण किया।

 

कैसे हुई थी लूट?

 

1 फरवरी को बेलहर कला थाना क्षेत्र के निघुरी गांव के पास दो सेल्समैनों से अज्ञात बदमाशों ने लोहे की रॉड मारकर करीब ₹6.59 लाख लूट लिए थे। इस घटना के बाद सिद्धार्थनगर निवासी सेल्समैन नूर आलम की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया था। लूट की जांच में देरी और मुकदमे में लापरवाही बरतने के आरोप में बेलहर कला के थानाध्यक्ष नंदू गौतम को निलंबित कर दिया गया था। पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए पांच टीमें गठित की थीं।

 

मुठभेड़ में पकड़े गए आरोपी

 

एसपी सत्यजीत गुप्ता के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 5:15 बजे बेलहर कला और एसओजी की संयुक्त टीम की मुठभेड़ बखिरा क्षेत्र के रुधौली-दुर्गजोत मार्ग पर अमरडोभा गांव के पास हुई। इस दौरान सिद्धार्थनगर निवासी नसीम पुत्र इस्लाम के पैर में गोली लगी। उसके पास से ₹1.52 लाख, एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किए गए।

उसका साथी अतउर रहमान पुत्र शकील खान भी पकड़ा गया, जिसके पास से ₹1 लाख, 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस मिला।

लूट की साजिश में सेल्समैन भी शामिल

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने अपने साथी फिरोज खान और सेल्समैन प्रदीप कन्नौजिया के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। प्रदीप कन्नौजिया ने सेल्समैन होने के नाते लूट में अंदरूनी मदद की थी। फिलहाल, घायल आरोपी नसीम का इलाज जिला अस्पताल में जारी है, और पुलिस अन्य साक्ष्यों को इकट्ठा करने में जुटी है।

पुलिस जल्द ही अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।