महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अयोध्या में अपनी राजनीतिक सक्रियता तेज कर दी है। इसी क्रम में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद के अयोध्या आगमन पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर समाजसेवी संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं अयोध्या से बसपा के संभावित प्रत्याशी सुरेश यादव ने आकाश आनंद को चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया। एयरपोर्ट से लेकर बीकापुर विधानसभा क्षेत्र स्थित जनसभा स्थल तक सुरेश यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्वागत से अभिभूत आकाश आनंद ने सुरेश यादव को अपना विशेष आशीर्वाद देते हुए कहा कि पार्टी उनके साथ है और वे अयोध्या में पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ें।
स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर भाजपा सरकार और स्थानीय विधायक पर हमला
बीकापुर में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए आकाश आनंद ने प्रदेश की भाजपा सरकार और स्थानीय विधायक पर कड़ा निशाना साधा। उन्होंने क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस क्षेत्र का विधायक स्वयं एक डॉक्टर है, वहां की जनता को आज भी बेहतर इलाज के लिए लखनऊ की दौड़ लगानी पड़ रही है। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधि की जनसुनवाई और जनता से जुड़ाव की कमी पर भी सवाल खड़े किए।
बहन मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान सुरेश यादव ने कहा कि बसपा को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और 2027 में सत्ता परिवर्तन लाने के लिए पूरी ताकत से काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अयोध्या की जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को उठाना और उनके हक की लड़ाई लड़ना ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरेश यादव ने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में बहन कुमारी मायावती पांचवीं बार उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री बनेंगी। पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू ने कहा कि आकाश आनंद के अयोध्या दौरे से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है और सभी मिलकर मायावती को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प पूरा करेंगे। प्रमुख रूप से रहे मौजूद इस कार्यक्रम में बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल, पूर्व एमएलसी दिनेश चंद्र, जिला कोऑर्डिनेटर रवि मौर्य, प्रदीप भारती, रामगोपाल कोरी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। इस दौरे के साथ ही सुरेश यादव ने 2027 के चुनाव के मद्देनजर अयोध्या में अपने जनसंपर्क अभियान को नई गति दे दी है।




Views Today : 29661
Who's Online : 15