जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शासी निकाय एवं रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित, जिला चिकित्सालय की स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के दिए निर्देश
*बैठक में रेफरल ऑडिट टीम के गठन, ब्लड कंपोनेंट सेपरेटर यूनिट की स्थापना तथा एमआरआई मशीन की उपलब्धता सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर हुई चर्चा*
अम्बेडकरनगर।
जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की अध्यक्षता में शासी निकाय एवं रोगी कल्याण समिति, संयुक्त जिला चिकित्सालय, अम्बेडकरनगर की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला चिकित्सालय में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, मरीजों को प्रदान की जा रही सेवाओं, चिकित्सालय की आधारभूत व्यवस्थाओं तथा विभिन्न विकास एवं सुधार कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने शासी निकाय की बैठक प्रत्येक तीन माह के अंतराल पर नियमित रूप से आयोजित किए जाने के प्रावधान के बावजूद बैठक में विलंब होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा निर्धारित समयावधि में बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान रोगी कल्याण समिति की आय एवं व्यय से संबंधित विवरण प्रस्तुत किया गया तथा चिकित्सालय में उपलब्ध सुविधाओं एवं आवश्यक संसाधनों की समीक्षा की गई। बेंच की उपलब्धता एवं आवश्यकता को देखते हुए संबंधित फर्म को चार अतिरिक्त बेंचों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला चिकित्सालय में मरीजों के भर्ती होने एवं रेफरल की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने रेफरल ऑडिट के लिए एक समिति गठित करने के निर्देश दिए। इस समिति में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से भी एक सदस्य नामित किया जाएगा तथा समिति द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी।
जिलाधिकारी ने चिकित्सालय में बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ब्लड कंपोनेंट सेपरेटर यूनिट की स्थापना हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही एमआरआई मशीन की स्थापना के संबंध में प्रस्ताव तैयार कर जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को पत्र प्रेषित किए जाने के निर्देश दिए। चिकित्सालय में लिफ्ट के सुचारु संचालन हेतु आउटसोर्सिंग के माध्यम से आवश्यकतानुसार कर्मचारियों की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त चिकित्सालय परिसर में जल निकासी की समस्या के स्थाई समाधान हेतु नगर पालिका परिषद अकबरपुर से समन्वय स्थापित कर शीघ्र कार्यवाही करने तथा मरीजों एवं तीमारदारों की सुविधा के दृष्टिगत सुलभ शौचालय के निर्माण के लिए नगर पालिका परिषद अकबरपुर से संपर्क एवं समन्वय स्थापित कर आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को दिए गए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, एनटीपीसी के प्रतिनिधि सहित जिला चिकित्सालय के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





Views Today : 29738
Who's Online : 24