बौद्ध भिक्खुओं का दल उत्तर प्रदेश भ्रमण पर, बुद्ध सर्किट का दर्शन करेंगे

उत्तर प्रदेश पर्यटन के संयुक्त तत्वाधान में नौ देशों के बौद्ध भिक्खुओं का दल राज्य भ्रमण पर आया है। यह दल 18 से 30 जनवरी तक बुद्ध सर्किट से जुड़े विभिन्न गंतव्यों का दर्शन करेगा। 19 जनवरी को यह दल राजधानी लखनऊ पहुंचा और 20 जनवरी की देर शाम शांति उपवन बौद्ध विहार में संगोष्ठी और स्वागत समारोह आयोजित किया गया।21 जनवरी को यह दल श्रावस्ती के लिए रवाना हुआ, जहां वह कुशीनगर, सारनाथ और कौशांबी में भ्रमण करेगा। इसके बाद, भिक्खुओं का दल 22-23 जनवरी को श्रावस्ती, 24-26 जनवरी को कुशीनगर, 27-28 जनवरी को सारनाथ और 29-30 जनवरी को कौशाम्बी पहुंचेगा।प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने इस यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पर्यटन और लाइट ऑफ बुद्ध धर्म फाउंडेशन इंटरनेशनल के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस धम्म यात्रा में कंबोडिया, थाईलैंड, वियतनाम, म्यांमार जैसे थेरवादी बौद्ध देशों के भिक्खु शामिल हैं। साथ ही, ब्राजील, पुर्तगाल, अमेरिका और ब्रिटेन जैसे पश्चिमी देशों के बौद्ध उपासक भी इस यात्रा में भाग ले रहे हैं। भिक्खुओं का दल प्रत्येक स्थान पर बुद्ध पूजा-पाठ भी करेंगे।20 जनवरी को लखनऊ के शांति उपवन बुद्ध विहार, आलमबाग में विश्व शांति के लिए बुद्ध के वचनों के संग्रह “धम्मपद” का अखंड पाठ, नृत्य नाटिका, फिल्म प्रदर्शन और संघदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। अमेरिका से आए डॉ. वांगमों डिक्सी ने कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार की बौद्ध सर्किट के विकास के प्रयासों की सराहना की और कहा कि उत्तर प्रदेश में भगवान बुद्ध से जुड़े स्थल जीवंत विरासत के रूप में मौजूद हैं।धम्म यात्रा में लाइट ऑफ बुद्ध धर्म फाउंडेशन इंटरनेशनल की कार्यकारी निदेशक डॉ. वांगमो डिक्सी, बॉलीवुड के सिनेमेटोग्राफर एरिक, ब्राजील से नेल्सन फिल्फो छमा समेत कई अन्य गणमान्य लोग भी भाग ले रहे हैं। जयवीर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भगवान बुद्ध के प्रमुख तीर्थ स्थल हैं, और पर्यटन विभाग इन स्थलों का निरंतर विकास कर रहा है ताकि बौद्ध तीर्थयात्रियों को एक विशिष्ट अनुभव प्रदान किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि बौद्ध पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यह धम्म यात्रा भविष्य में भी जारी रहेगी।