कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की अवधि बढ़ाने पर केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया 

 

रबी सीजन के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की अवधि को 31 दिसंबर, 2024 से बढ़ाकर 15 जनवरी, 2025 किए जाने पर प्रदेश के कृषि मंत्री  सूर्य प्रताप शाही ने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने प्रदेश के किसानों से इस योजना में पंजीकरण करने की अपील की है, ताकि वे इस योजना का पूरा लाभ उठा सकें।कृषि मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार के अनुरोध पर केंद्र सरकार ने रबी सीजन के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की पंजीकरण अवधि बढ़ाकर 15 जनवरी तक कर दी है। उन्होंने किसानों से गेहूं, दलहन, तिलहन सहित अन्य रबी फसलों के लिए इस बीमा योजना का लाभ लेने की अपील की। किसान केवल डेढ़ प्रतिशत प्रीमियम का भुगतान करके इस योजना में शामिल हो सकते हैं और अपने फसलों का बीमा करा सकते हैं।मंत्री ने आगे बताया कि पहले निर्धारित अवधि 31 दिसंबर, 2024 तक कई किसान इस योजना में पंजीकरण नहीं करवा सके थे। इस पर प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार से इस अवधि को बढ़ाने का अनुरोध किया था, जिसे स्वीकार करते हुए केंद्र सरकार ने इसे 15 जनवरी, 2025 तक बढ़ा दिया। श्री शाही ने केंद्र सरकार को प्रदेश के किसानों की ओर से इस निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया है।