मारने पीटने, दुकान में तोड़फोड़ करने में चार नामजद,15-20 अज्ञात पर मुकदमा

 

बस्ती। कोतवाली थाना क्षेत्र के हर्दिया बुजुर्ग निवासी राजेन्द्र वर्मा ने उसकी दुकान पर आकर गाली गलौज करने, मारने पीटने, दुकान का शीशा काउण्टर तोड़कर नुकसान करने और जान से मारने की धमकी देने का चार नामजद, 15-20 अन्य अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उसकी पटेल चौक पर खुशी ट्रेडर्स के नाम से दुकान है। उसने अपने भाई की शादी हेतु 9 आर्टिका व एक वरना गाड़ी अभिषेक उपाध्याय के माध्यम से 29 हजार रूपए में बुक कराया था। एडवांस के रूप में 17 हजार रूपए दिए थे और रूपया बारात वापस आने के बाद देने की बात हुई थी। लेकिन एक गाड़ी को छोड़कर अन्य सभी गाड़िया बिना बताए वापस चली गई। बकाया शेष राषि देने के लिए उन पर दबाव बनाया गया, जिस पर उनके द्वारा कुछ समय बाद पैसा देने की बात की गई। इसे लेकर जामडीह पाण्डेय निवासी राहुल तिवारी, पुट्टूलाल उर्फ जयप्रकाश श्रीवास्तव, कटेश्वर पार्क के निकट के निवासी मुरली, दुबौलिया थाना क्षेत्र के मसहा निवासी वीरेन्द्र कुमार, 15-20 अन्य अज्ञात लोगो के साथ उसकी दुकान पर पहुंचे, उसे अकेला बैठा देख गाली गलौज, मारपीट करने लगे, उसकी दुकान का शीशा काउण्टर ईट पत्थर से तोड़ डाला, जाते समय जान से मारने की धमकी दी। मारपीट के दौरान उसे चोंटे आई। इस घटना से वह और उसका परिवार काफी डरा हुआ है। पूरे परिवार को अपने जानमाल के खतरे की आशंका बनी हुई है। मामले में तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस विवेचना कर रही है।