10654 बच्चों ने दी निपुण असेसमेंट परीक्षा, 95.41 प्रतिशत रही उपस्थिति

ओएमआर की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें प्रधानाध्यापक – विजय आनन्द

बस्ती। दो दिवसीय निपुण एसेसमेंट परीक्षा शनिवार को हरैया ब्लाक के समस्त परिषदीय विद्यालय और कस्तूरबा विद्यालय में सम्पन्न हुई। शुक्रवार को सम्पन्न हुई कक्षा एक से तीन की परीक्षा में 4047 बच्चों के सापेक्ष 3925 तथा शनिवार को कक्षा चार से आठ की परीक्षा में 7119 के सापेक्ष 6729 बच्चे उपस्थित रहे। कक्षा एक से आठ तक कुल 11166 बच्चों के सापेक्ष 10654 बच्चे उपस्थित रहे। इस तरह कुल उपस्थिति 95.41 प्रतिशत रही। यह जानकारी देते हुए खण्ड शिक्षा अधिकारी विजय आनन्द ने बताया कि दोनों दिन परीक्षा दो घंटे की कराई गई। परीक्षा को सुचार रूप से और निगरानी में कराने के लिए जिलाधिकारी द्वारा प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई थी इसके साथ ही प्रत्येक विद्यालय पर दूसरे विद्यालय के शिक्षकों को पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किया गया था। कक्षा एक से तीन के बच्चों ने जो सही उत्तर दिया उसके अनुसार उनका ओएमआर शिक्षकों ने भरा तथा कक्षा चार से आठ के बच्चों ने अपना ओएमआर स्वयं भरा। परीक्षा के बाद शिक्षकों द्वारा ओएमआर को परख ऐप पर अपलोड किया गया। जहां भी ऐप पर ओएमआर अपलोड करने में समस्या हुई शिक्षकों ने कंट्रोल रूम को सूचना दी जिसका समाधान एसआरजी, एआरपी और ऑपरेटर के द्वारा कराया गया। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि परीक्षा के बाद सभी स्कूलों को निर्देश जारी किया गया है कि ओएमआर शीट को दो माह तक सुरक्षित रखना है। ऐसे में ओएमआर शीट की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाय, अन्यथा संबंधित प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्यवाही होगी।