ग्राम प्रधान पुत्र पर युवती से दुष्कर्म की कोशिश,उलाहना देने पर मां, बेटी को जान से मारने की धमकी देने का आरोप

 

बस्ती। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के गढ़वल निवासी ग्राम प्रधान पुत्र पर एक युवती के साथ दुष्कर्म के प्रयास करने ,उलाहना देने पर मां, बेटी को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर आरोपी, उसके पिता व अन्य परिजनों के खिलाफ बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़िता की मां ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि वह अपने घर के पश्चिम खेत में धान काट रही थी और उसकी बेटी धान ढोकर उसे घर पहुंचा रही थी । आरोप लगाया है कि घर पर धान रखकर वापस आ रही उसकी बेटी को अकेली समझकर गौरा ग्राम पंचायत के प्रधान उस्मान के पुत्र फरहान ने पीछे से आकर उसकी बेटी को पकड़कर उसे जमीन पर गिरा दिया। बुरी नीयत से उसके कपड़े फाड़ने लगा और उसे घसीटकर खेत में ले जाने की कोशिश करने लगा। बेटी के चिल्लाने पर वह आवाज सुनकर दौड़ी तो आरोपी उसकी बेटी को छोड़कर भाग निकला। जब वह बेटी के साथ आरोपी के ग्राम प्रधान पिता को उलाहना देने गई तो उसने और उसके परिवार वालों ने मिलकर उसे और उसकी बेटी को गालियां दी। कहा कि भाग जाओ वरना जान से मार डालेंगे। 5 नवम्बर को हुई इस घटना के मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी, उसके पिता व अन्य परिवारीजनों के खिलाफ बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।