बालिकाओं, महिलाओं को सुरक्षा और बचाव के दिए टिप्स, किया जागरूक

 

बस्ती। नगर थाना पर तैनात महिला पुलिसकर्मी मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं व युवतियों को जागरूक कर रहीं हैं। नारी सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन के लिए महिलाओं, बालिकाओं में सशक्तिकरण, विश्वास का वातावरण बनाने के उद्देश्य से अभियान की शुरुआत की गई है। थाना प्रभारी नगर के नेतृत्व में महिला आरक्षी पिंकी यादव महिला आरक्षी चन्दन कुमारी, पूजा यादव द्वारा सनशाइन पब्लिक स्कूल मे कार्यक्रम आयोजित कर बालिकाओं, महिलाओं को स्वयं की सुरक्षा और बचाव करने हेतु जागरूक किया गया। प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज 5 कार्यक्रम के अंतर्गत कानून की जानकारी देते हुए विभिन्न हेल्पलाइन नंबर े 1090, 1076,1098,181,112, 102 व 108 के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए उन्हें जागरूक किया गया। महिलाओं से संबंधित विभिन्न अपराधों के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
थाना प्रभारी नगर देवेंद्र सिंह ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत सभी मुख्य बाजार, चौराहे, गांव, मुहल्ले, विद्यालयों आदि में बालिकाओं, महिलाओं को उनकी सुरक्षा, सम्मान के लिये आत्मरक्षा के गुर व विषम परिस्थितियों में स्वयं की रक्षा करने के टिप्स दिए जा रहे हैं। महिलाओं में पुलिस के प्रति विश्वास पैदा करने के लिए पूर्ण मनोयोग से शासन की योजनाओं, कार्यक्रमों का सफल क्रियान्वयन कराया जा रहा है।