बस्ती। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार तिवारी के नेतृत्व में गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों को बंद कराने के लिए बुधवार को अभियान चलाया गया। जिसके अंतर्गत सल्टौआ ब्लॉक के आरएमएस पब्लिक स्कूल को गैर मान्यता के संचालित पाए जाने पर बीएसए ने तत्काल बंद कराया। बीएसए ने कहा कि बंद किए गए विद्यालयों के बच्चे निकटतम परिषदीय विद्यालयों में अपना प्रवेश लें साथ ही निकट के परिषदीय विद्यालय के प्रधानाध्यापक को गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों के बच्चों के प्रवेश के लिए निर्देशित किया। बीएसए ने कहा कि यदि विद्यालय बंद कराने के बावजूद भविष्य में पुनः संचालित पाया गया तो एक लाख का जुर्माना लगाते हुए एफआईआर की कार्यवाही की जाएगी। जिसके लिए संबंधित विद्यालय का संचालक जिम्मेदार होगा। कहा कि गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और यदि कोई विद्यालय संचालित पाया गया तो नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।