विवाहिता ने खुद को लगाई आग, झुलसकर मौत

अयोध्या नगर कोतवाली के मोतीबाग मोहल्ला में एक विवाहिता ने मंगलवार को खुद को आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसने के चलते उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमर्टम के लिए भेजवाया है। घटना का कारण पारिवारिक क्लेश बताया जा रहा है।  बताया गया कि मंगलवार को नगर कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि मोतीबाग मोहल्ला के शालीमार होटल वाली गली में रहने वाली विवाहिता 40 वर्षीय शमा परवीन पत्नी मो जफर ने अपने ही घर में खुद को आग लगा ली है। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि महिला को गंभीर हाल में उसका पति मो. जफर लेकर जिला अस्पताल गया है। जहां परीक्षण के बाद डाक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। घटना के समय विवाहिता का पति सब्जी बेंचने के लिए नवीन मंडी गया हुआ था। मृतका मूल रूप से कोतवाली क्षेत्र के ही पुरानी सब्जी मंडी की रहने वाली थी और लगभग 20 वर्ष पूर्व उसका विवाह मो. जफर पुत्र स्व. अकबर अली के साथ हुआ था।  दंपत्ति के वर्तमान में दो संतान पुत्र मो.अजहर (18) व पुत्री जैनब (15) हैं। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतका के भाई मो. इमरान पुत्र स्व. मुन्ना नसीर निवासी पुरानी सब्जी मंडी को दी है।   नगर कोतवाल अश्विनी पांडेय ने बताया कि चौकी प्रभारी चौक धर्मेंद्र मिश्रा की ओर से जाँच-पड़ताल की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया गया है। प्राथमिक जाँच में पता चला है कि मृतका का सुबह पति से लड़ाई झगड़ा हुआ था।