स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल के डॉक्टर का शव कार में मिला है। शनिवार रात 11.45 बजे के करीब साथी डॉक्टर हॉस्पिटल से निकलने लगे तो कैंपस में उनकी कार खड़ी थी। उन्होंने पास जाकर देखा तो कार की अगली सीट पर डॉ. कार्तिकेय श्रीवास्तव का शव पड़ा था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच की तो कार के अंदर सिरिंज और एनेस्थीसिया में इस्तेमाल होने वाले इंजेक्शन की शीशी मिली। डॉक्टर के हाथ में इंजेक्शन लगाने के निशान भी मिले हैं।
पुलिस का मानना है कि डॉ. कार्तिकेय ने अपने हाथ पर इंजेक्शन लगाया था, जिससे उनकी मौत हुई। हालांकि, पोस्टमॉर्टम के बाद साफ होगा कि मौत इंजेक्शन लगाने की वजह से हुई या फिर किसी और चीज से।
मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर कार्तिकेय श्रीवास्तव 27 साल एसआरएन अस्पताल के पार्किंग एरिया में अपनी कार के अंदर मृत मिले। कार में एनेस्थीसिया में इस्तेमाल होने वाले इंजेक्शन के दो वायल और सिरिंज मिली है। प्रारंभिक जांच पड़ताल के बाद पुलिस आशंका जता रही है कि उन्होंने सुसाइड किया। वह मूल रूप से जिला कोटद्वार उत्तराखंड के रहने वाले थे और मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में रेजिडेंट 2 के पद पर तैनात थे। शनिवार देर रात वह अपनी कार में मृत पड़े मिले।सूचना पर डीसीपी नगर अभिषेक भारती व अन्य अफसर पहुंच गए। प्रारंभिक छानबीन और दोस्तों से पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि वह कुछ दिनों से डिप्रेशन में चल रहे थे। फिलहाल इस बात का खुलासा नहीं हो सका है कि डिप्रेशन किस बात को लेकर था। डीसीपी नगर अभिषेक भारती ने बताया कि फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। जांच पड़ताल की जा रही है।