बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत दयालपुर के राजस्व गांव भुवनपुर मे स्थित कब्रिस्तान का 36 पिलर रात में अराजक तत्वों ने तोड़ डाला। सुबह जब इसकी जानकारी ग्रामीणों को हुई तो इसकी सूचना डॉयल112 पर दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों से पूछताछ की, लेकिन अराजक तत्वों के बारे मे कुछ पता नही चला। नगर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत दयालपुर के राजस्व गाँव भुवनपुर निवासी मो. शफीक ने बताया कि पूर्व ग्राम प्रधान ने गांव के बाहर कब्रिस्तान के लिए सौ एअर जमीन पुलिस व राजस्व टीम की मौजूदगी में पैमाइश कर आवंटित करवाया था। गाँव के लोगों से चंदा इकट्ठा कर कब्रिस्तान की भूमि में पिलर लगवाया जा रहा था, 36 पिलर सोमवार को कंपलीट हो गया था जिसे इसी रात अराजक तत्वों ने सभी 36 पिलरों को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। जिससे लाखों रूपये का नुकसान हो गया। गांव के सरवर अली,तसव्वुर अली,गुलाम हुसैन,शेर अली समेत तमाम ग्रामीणों ने थाना प्रभारी से मिलकर स्थिति से अवगत कराया। अराजक तत्वों का पता लगाकर उन पर कड़ी कार्रवाई किये जाने की मांग की। नगर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। अभी इस मामले मे तहरीर नहीं मिली है।तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है।