उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा में हुआ प्रारंभ 

लखनऊ / गोरखपुर। उत्‍तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा पूरे प्रदेश में शुक्रवार को सुबह 10 बजे से शुरू हो गई। सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस की चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था कर दी गई है। सीसीटीवी, खुफिया तंत्र, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से भी नजर रखी जा रही है।

परीक्षा में गड़बडी करने वालों पर एक करोड़ तक का जुर्माना व आजीवन कारावास की सजा या दोनों भी हो सकती है। गुरुवार को गोरखपुर जिले में 55 केंद्रों पर दो पाली में होने वाली परीक्षा में 49000 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होंगे। निर्धारित समय से दो घंटा पहले ही अभ्यर्थियों को केंद्र पर बुलाया गया है।

प्रदेश में कांस्टेबल के 60244 पदों के लिए होनी है भर्ती

पूर्व में प्रश्न पत्र लीक होने से सबक लेते हुए इस बार प्रदेश में कांस्टेबल के 60244 पदों के लिए होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर काफी तैयारी की गई है। परीक्षा 23, 24, 25, 30 व 31 अगस्त को दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह दस बजे से बारह बजे तक होगी। दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक होगी।

पुलिस कर्मी सुबह से ही अपनी ड्यूटी स्थल पर मौजूद हैं। केंद्र के बाहर लगे पुलिस कर्मी संदिग्धों पर नजर रख रहे हैं। रेलवे, बस स्टेशन और अन्य स्थानों पर रुके अभ्यर्थी सुबह ही केंद्र के आस पास पहुंचने लगे थे। केंद्र के बाहर रात से ही अभ्यर्थी जुटने लगे थे।

सुरक्षा कारणों से इस बार परीक्षा पांच दिनों में 10 पालियों में कराई जा रही है। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तथा दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे के मध्य होगी।

परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थी कोई उपकरण, कागज, घड़ी व अन्य कोई सामग्री लेकर भीतर नहीं जा सकेंगे। डीजी भर्ती बोर्ड के अनुसार धार्मिक पहचान वाले आभूषण जैसे मंगलसूत्र, कड़ा व अन्य को छोड़कर अभ्यर्थियों के आभूषण भी प्रतिबंधित होंगे।

राज्य की सीमा में परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा। अभ्यर्थी को इसका लाभ लेने के लिए प्रवेश पत्र की अतिरिक्त प्रतियां रखनी होंगे। एक प्रति परीक्षा केंद्र आने के लिए व दूसरी वापस अपने गंतव्य को जाने के दौरान बस कंडक्टर को देनी होगी।