लखनऊ। उत्तर प्रदेश आरक्षी नागरिक पुलिस के पदों पर भर्ती की लिखित परीक्षा को लेकर लखनऊ पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है। सयुंक्त पुलिस आयुक्त अमित वर्मा व पुलिस उपायुक्त मुख्यालय आर एन सिंह ने प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी दी है। परीक्षा को लेकर पुलिस ने कड़ी तैयारी की है।
इस बार परीक्षा में यदि कोई गड़बड़ी करता पाया गया तो उसके खिलाफ आजीवन कारावास से लेकर एक करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है। इस बार पुलिस का सारा फोकस सॉल्वर और नकल माफिया पर है। परीक्षा के पहले ग्रैंड रिहर्सल करके कमिश्नरेट लखनऊ की पुलिस ने तैयारियों को अंतिम रूप से परख भी लिया है।
81 केंद्रों पर कुल 39072 अभ्यर्थी होंगे शामिल
इस बार होने वाली परीक्षा में शहर के 81 केंद्रों पर कुल 39072 अभ्यर्थी शामिल होंगे। यह परीक्षा विभिन्न केंद्रों पर 23, 24, 25, 30 और 31 अगस्त को होने जा रही है।