बाइक सवारों ने महिला के गले से खींचा सोने की चेन, हुए फरार

 

बस्ती। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के आमा भुजैनिया गांव के पास बाइक सवार दो व्यक्तियों ने एक महिला के गले में पहनी सोने की चेन झपट्टा मारकर खींच लिया और फरार हो गए। मामले में तहरीर के आधार पर बाइक सवार दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ बीएनएस की सुसंगत धारा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है।
वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के सोनौरा निवासी अरविन्द कुमार पाठक ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि शुक्रवार को वह अपनी पत्नी और साली को बाइक से लेकर बस्ती आया था। सरकारी अस्पताल में इलाज कराकर उन्हे अपनी ससुराल सल्टौआ छोड़ने जा रहा था। बाइक पर उसकी साली, उसके पीछे उसकी पत्नी अपनी बच्ची को लेकर बैठी थी। शाम करीब साढ़े चार बजे आमा भुजैनिया के पास पीछे से एक बाइक पर सवार दो व्यक्ति आए और झपट्टा मारकर उसकी पत्नी के गले में पहनी सोने की चेन खींच लिया और सल्टौआ की ओर भाग निकले। मामले में तहरीर के आधार पर दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस ने बीएनएस की सुसंगत धारा में मुकदमा दर्ज किया है।