मारपीट के तीन मामलों में पांच पर मुकदमा

 

बस्ती। जिले के तीन थाना क्षेत्रों में मारपीट के अलग- अलग मामलों में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। संतकबीरनगर जिले के गरखलिया निवासी अक्षय कुमार ने इम्तियाज पुत्र, पता अज्ञात पर राड से सिर पर प्रहार करने, जाति सूचक शब्दो का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। कोतवाली थाना पर दी गई तहरीर में कहा है कि आरोपी ने बकाया रूपया मांगने के लिए मूड़घाट यात्री छाजन के पास बुलाया, जब वह वहां पहुंचा तो पीछे से राड से उसके सिर पर प्रहार कर दिया, जाति सूचक शब्दो का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
रुधौली थाना क्षेत्र के सुरुवार कला निवासी अश्वनी सिंह ने तालाब के पट्टे की बात को लेकर गाली देते हुए घर मे घुस कर मारने पीटने, जान मारने की धमकी देने, डंडे से मार कर दीवाल घडी तोड देने का तीन लोगों पर आरोप लगाया है। पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि मझगवा खुर्द निवासी मुन्नू, चुन्नू, सुग्रीव ने घर में घुसकर उसे मारा पीटा, जान से मारने की धमकी दी।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कोइलपुरा निवासी मोहन लाल ने गांव निवासी विजय प्रकाश उर्फ पिंटू पर गाली देते हुए मारने पीटने, भाग कर घर पहुंचने पर दरवाजे पर चढ़कर उसके नाती अमन को भी मारने पीटने, जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। तीनों मामलों में तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस विवेचना कर रही है।