महाकुंभ के लिए ट्रेन संचालित करने का आश्वासन

लखनऊ अगस्त उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के अनुरोध पर केन्द्रीय रेल, सूचना और प्रसारण एवं इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने महाकुंभ-25 के दौरान यात्रियों के सुविधा के लिए ट्रेनों की गति बढ़ाने व अधिक से अधिक अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन का आश्वासन दिया है।
यह जानकारी आज पर्यटन मंत्री ने देते हुए बताया कि उन्होंने महाकुंभ 2025 में देश विदेश से भारी संख्या में श्रृद्धालुओं के आने की संभावना है। इसको दृष्टिगत रखते हुए रेल मंत्री से अधिक से अधिक ट्रेनों के संचालन तथा रेलों के फेरे बढ़ाने के लिए पत्र लिख कर अनुरोध किया था। इस पत्र पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए रेल मंत्री ने प्रयागराज में आने वाले श्रृद्धालुओं की सुविधा के लिए अधिक से अधिक ट्रेन चलाने का आश्वासन दिया है। जयवीर सिंह ने बताया कि उन्होंने 18 जुलाई 2024 को केन्द्रीय मंत्री को पत्र लिखा था रेल मंत्री ने 30 जुलाई 2024 को पत्र भेज कर इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाने का भरोसा दिया है।