जूना अखाड़े के संरक्षक स्वामी हरि गिरि महाराज ने उठाया मुद्दा
प्रयागराज प्रयागराज के अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद का कहना है कि कुंभ में आने वाले लोग पहचान पत्र साथ लेकर आएं। सरकार को यह नियम लागू करना चाहिए। कुंभ आने वालों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी हो, इसकी लिस्ट प्रशासन के पास हो। महाकुंभ 13 जनवरी 2025 से शुरू होगा।
जूना अखाड़े के संरक्षक स्वामी हरि गिरि महाराज ने कहा है कि लोग सिर्फ पहचान पत्र ही न लाएं, बल्कि उसकी कॉपी भी प्रमाणित करा कर लाएं। ये कॉपी किसी ऑफिसर, पार्षद, ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव से प्रमाणित होनी चाहिए। क्योंकि लोग फर्जी पहचान पत्र भी बनवा लेते हैं, ऐसे में दस्तावेजों की जांच जरूरी है। मेला प्रशासन या जिस भी संत के यहां वह जाए। उसकी लिस्ट प्रशासन के पास होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मान लीजिए, राम सिंह नाम का व्यक्ति मेले में आता है और कोई घटना को अंजाम देता है। मेले में 1000 आदमी उसके नाम से आते हैं। ऐसे में उसकी जगह कोई दूसरा फंस सकता है। कई लोगों ने योगीजी का ही फर्जी पहचान पत्र बनवा रखा है। इंदौर में मैंने शिकायत की तो एक आदमी गोंडा से पकड़ा गया। मैं सिर्फ यही चाहता हूं कि कोई बेगुनाह आदमी न फंसे।