–
बस्ती पूर्व विधायक दयाराम चौधरी के उपर सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी किए जाने की घटना सामने आई है। उनके समर्थक भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला मंत्री रमेश चौधरी ने वाल्टरगंज थाना पुलिस को शिकायत देकर एक व्यक्ति के खिलाफ अभद्र व आपत्तिजनक टिप्पणी करने का मुकदमा दर्ज करवाया है। आरोप है कि विष्णु यादव यदुवंशी नाम के इस व्यक्ति ने अपने फेसबुक अकाउंट से पूर्व विधायक पर तल्ख और बेबुनियाद तथा आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। पुलिस ने विष्णु यादव यदुवंशी निवासी अज्ञात के खिलाफ आइपीसी व आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। तहरीर में रमेश चौधरी ने बताया कि फेसबुक तल्ख व आपत्तिजनक तथा अभद्र टिप्पणी कर उसे वायरल करके उन्हें जानबूझकर बदनाम किया जा रहा है। आरोपित व्यक्ति सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों के बीच भ्रांतियां फैला रहा है। प्रभारी निरीक्षक दिनेश चन्द्र चौधरी ने बताया कि आरोपित पर आइटी एक्ट की धारा सहित अन्य धाराओं में अभियोग अंकित कर लिया गया है। मुकदमा दर्ज कर आरोपित के ठिकाने पर दबिश दी गई, लेकिन आरोपित फरार है।