सेल्फी लेने के चक्कर में गंगा में डूबे दोनों युवकों के शव बरामद

डलमऊ,रायबरेली।पयागपुर गंगा घाट पर सेल्फी लेने के दौरान डूबे तीन युवकों में से लापता दो युवकों के शव रविवार को सुबह बरामद हुए हैं जबकि एक युवक तैर कर बाहर आ गया था। एनडीआरएफ की टीम ने बड़ी मशक्कत के बाद रविवार को सुबह उनके शव बरामद किए हैं। शनिवार को मशीन गंज निवासी मोहम्मद तौफीक मखदुमपुर निवासी मोहम्मद फहद एवं मोहम्मद शान एक बाइक पर सवार होकर पयागपुर गंगा घाट पर पहुंचे थे और तीनों युवक गंगा की धारा में सेल्फी लेने के लिए चले गए तभी उनका संतुलन बिगड़ गया था। दो साथी गंगा नदी में डूब गए जिनकी तलाश गोताखोरों के माध्यम से देर रात तक की गई लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका। सुबह लखनऊ से आई एनडीआरएफ की टीम ने लापता शवों की तलाश की तो घटनास्थल से 1 किलोमीटर आगे दोनों युवकों के शव बरामद हुए हैं। गदागंज थाना प्रभारी रामचंद्र आनंद ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। वहीं पर शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मोहम्मद शान घर का ही एकलौता चिराग था जो बकरीद के अवसर पर अपने मामा उस्मान के घर आया हुआ था और अपने साथियों के साथ गंगा तट पर पहुंच गया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *