दिल्ली में अगले एक हफ्ते तक चलेगी गर्म हवाएं, बारिश की उम्मीद नहीं

नईदिल्ली,11 जून । दिल्ली में बारिश के लिए टकटकी लगाए लोगों के लिए निराश करने वाली खबर है। यहां का मौसम अगले कुछ दिनों के लिए बदल गया है।भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने संभावना जताई है कि अगले एक हफ्ते तक दिल्ली समेत आसपास के इलाकों में भीषण गर्मी पड़ेगी और गर्म हवाएं चलेंगी।बारिश की जो उम्मीद लगाई जा रही थी, उसकी भी संभावना अगले एक हफ्ते में नहीं दिख रही है। इससे तापमान में भी परिवर्तन दिखेगा।
आईएमडी के मुताबिक, 11 से 17 जून तक भीषण लू चलेगी। इसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा। आईएमडी के अधिकारियों ने बताया कि अगले एक हफ्ते तक दिल्ली में 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज और गर्म हवाएं चलेंगी।सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 43 डिग्री और मंगलवार को न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है। इसे केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र में अपनी मौजदूगी दर्ज करा दी है।मानसून अगले 48 घंटे में गुजरात पहुंच जाएगा। मानसून के प्रवेश करने के बाद गुजरात के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। गुजरात में अभी भीषण गर्मी पड़ रही है।महाराष्ट्र में मानसून समय से 2 दिन पहले पहुंच गया, जिससे मुंबई समेत कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *