आत्मरक्षा से राष्ट्ररक्षा की यात्रा है चरित्र निर्माण शिविर -राहुल आर्य

बस्ती मई एकाग्रता से धारणा शक्ति में वृद्धि होती है जो कठिन से कठिन विषय को सरलतम रूप से ग्रहण करने की शक्ति प्रदान करता है। यह बातें आर्य वीर दल बस्ती द्वारा जी वी एम कान्वेंट स्कूल बस्ती में आयोजित चरित्र निर्माण शिविर में बच्चों को स्नेक पंच का प्रशिक्षण देते हुए प्रशिक्षक राहुल आर्य ने बताई। उन्होंने कहा कि यह चरित्र निर्माण शिविर युवा बालक बालिकाओं को आत्मरक्षा से राष्ट्र रक्षा की यात्रा की ओर ले जाता है। इस अवसर पर प्रशिक्षक राहुल आर्य और राम तनय ने बच्चों को श्येन प्रहार, व्याघ्र नख प्रहार, टाइगर क्लैक पंच, टाइगर पिन पंच, थ्री स्टेपिंग बैक पंच, ट्रिपल अटैक पंच, रण मार चाल, बैठी आदि का प्रशिक्षण दिया। सहायक प्रशिक्षिका महिमा आर्य और निधि आर्य ने बालिकाओं को डंबल और लेजियम का प्रशिक्षण देते हुए बताया कि खेल हमारे शरीर और मस्तिष्क दोनों को स्वस्थ बनाते हैं।
बौद्धिक कक्षा में औषधि विहीन चिकित्सा का प्रशिक्षण देते हुए डा नवीन सिंह राष्ट्रीय महासचिव विश्व संवाद परिषद ने बताया हमारे हाथ में ही पूरे शरीर की स्वस्थ रखने वाले केंद्र बिन्दु स्थित हैं जिन पर दबाव देकर हम अपने रोगों को नियंत्रित करते हुए समाप्त कर सकते हैं। पेट हमारे अधिकतर रोगों का मुख्य कारण है इसे आहार विहार और उचित मर्मदाब से उपचार कर सकते हैं। उन्होंने शरीर में खून की कमी, सिर दर्द, पेट दर्द से लेकर असाध्य रोगों को दूर करने के लिए उपचार बिन्दु बताए। आचार्य देवव्रत आर्य ने यज्ञ कराते हुए बच्चों को आहुतियों के वैज्ञानिक और आध्यात्मिक महत्व बताए। जिला प्रभारी अजीत कुमार पाण्डेय ने बताया कि अब इस शिविर का समापन 29 मई को सायं 4 बजे से होगा जिसमें सभी अभिभावकों और आमजनमानस को आमंत्रित किया गया है। ओम प्रकाश आर्य, संतोष कुमार सिंह, वेद कुमार आर्य, विजयलक्ष्मी सिंह, जया पाण्डेय, घनश्याम आर्य, राधेश्याम आर्य,गरुण ध्वज पाण्डेय, सुधांशु मिश्र ने बच्चों को स्वाध्याय और अभ्यास के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *