झालावाड़ : राजस्थान के झालावाड़ में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया है। जहां वैन और ट्रक की भिड़ंत में 9 लोगों की जान चली गई है। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटना की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि हादसे में जिन लोगों की जान चली गई, वे मध्य प्रदेश से आ रहे थे। फिलहाल शव कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी में रखवा दिए हैं।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार और ट्रक-ट्रॉला की टक्कर होने के बाद कार के परखच्चे उड़ गए। आसपास के लोगों ने देखा तो तुरंत दौड़कर मदद के लिए मौके पर पहुंचे और सूचना स्थानीय पुलिस को दी। जब तक पीड़ितों को अस्पताल पहुंचाया जाता, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू की। जानकारी के मुताबिक अकलेरा पुलिस मौके पर मौजूद है। घटना के बारे में मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।