बस्ती 04 मार्च। प्रगतिशील लेखक संघ, बस्ती इकाई के कर्मठ युवा सचिव एवं वरिष्ठ पत्रकार, कवि पंकज सोनी के आकस्मिक निधन पर संघ के पदाधिकारियों ने गहरा दुख जताया है। वे ह्रदय से पीड़ित थे। प्रगतिशील लेखक संघ के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष डाक्टर रघुवंश मणि ने कहा है कि पंकज सोनी साहित्य के प्रति समर्पित लेखक और सक्रिय पत्रकार थे।
उनके अवसान से प्रगतिशील लेखक संघ ने एक प्रतिबद्ध साथी खो दिया है। बस्ती शहर के साहित्य जगत के लिए यह क्षति अपूरणीय है। पंकज सोनी जी का आकस्मिक चले जाना मन को व्यथित व विचलित कर गया। एक कवि व साहित्यकार के रूप में उन्होंने निरंतर समसामयिक रचनाओं से साहित्य प्रेमियों में प्रसिद्धि बटोरी, वहीं पत्रकारिता के क्षेत्र में भी जनपद में उनके विशिष्ट स्थान रहा।
शहर के एक प्रतिष्ठित व बड़े व्यवसायी होने के बावजूद भी वह बेहद सरल, मृदुभाषी व मिलनसार स्वभाव के थे। वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. राजेन्द्र सिंह ’राही’ ने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. पंकज सोनी एक अच्छे कवि होने के साथ साथ एक अच्छे इंसान भी थे। जिलाध्यक्ष अध्यक्ष विनोद उपाध्याय, महासचिव डॉक्टर अजीत कुमार श्रीवास्तव तथा श्याम प्रकाश शर्मा, हरिकेश प्रजापति, डॉ पारस वैद्य, अर्चना श्रीवास्तव, सुशील सिंह, अनुरोध श्रीवास्तव, जगदंबा प्रसाद भावुक, डॉ वी के वर्मा, बी के मिश्र, डॉ राम कृष्ण लाल जगमग आदि ने भी अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।