लखनऊ(आरएनएस)। राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी में एक डंपर ने बाइक सवार दो दोस्तों को रौंद दिया। जिसमें दोनों की मौत हो गई। जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
धनेश्वर यादव पुत्र स्व. राम सुमिरन यादव निवासी- मिजार्पुर मस्तेमऊ ने थाना सुशांत गोल्फ सिटी पर सूचना दिया कि बुधवार की रात करीब 12 बजे रात्रि में उसका छोटा भाई मोहित यादव उम्र करीब 21 वर्ष और पड़ोस में रहने वाला लवकुश यादव दोनों साथ में अपनी मोटरसाइकिल से जनपद बाराबंकी दावत में जा रहे थे। तभी रास्ते में पासिन ढकवा पुल के पास एक अज्ञात डंपर चालक ने डंपर को तेजी व लापरवाही पूर्वक चलाते हुए उनके भाई मोहित यादव बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वादी के छोटे भाई मोहित यादव की मौके पर ही मृत्यु हो गई और लवकुश यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे एंबुलेंस की सहायता से सीएचसी गोसाईगंज ले जाया गया और चिकित्सकों ने लवकुश यादव को केजीएमयू रेफर कर दिया जहां चिकित्सकों द्वारा लवकुश को मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।