अयोध्या(आरएनएस)। विद्युत शॉर्ट सर्किट से लगी आग की लपटों से महरई मोहम्मदपुर कमरे के अंदर सो रही महिला सहित तीन बच्चे जलकर झुलस गए । चीखपुकार सुन पहुंचे आसपास के लोगों ने दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला। सभी को ट्रॉमा सेंटर दर्शननगर पहुंचाया । जहां से उन्हें गंभीर हालत में लखनऊ ट्रॉमा सेंटर के लिए भेज दिया गया। घटना तारुन थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी ग्यासपुर के महरई मोहम्मदपुर की है। जहां पर रविवार मध्यरात्रि राममिलन विश्वकर्मा के कमरे में विद्युत शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। जिला पंचायत सदस्य हरिश्चंद्र निषाद व समाजसेवी रवि सिंह ने बताया कि कमरे में सो रही राममिलन की बहू सुधा सरोज उम्र लगभग 32 वर्ष, वर्षा 17 वर्ष, अंशिका 13, दुधमुंहा बच्चा शिव लपटों की चपेट में आकर झुलस गए। चीख पुकार सुनकर पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर सभी को बाहर निकाला और दर्शन नगर ट्रॉमा सेंटर ले गए। जहां से हालत गंभीर होने पर सोमवार को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर के लिए भेज दिया गया। जहां पर इलाज चल रहा है। महिला का पति अहमदाबाद में रोजी-रोटी के सिलसिले में गया हुआ है। हल्का लेखपाल प्रवीण कुमार वर्मा ने घटना के विषय में आकलन कर आख्या तहसील पर भेज दी है।