बस्ती। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के सिविल बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी के चुनाव में जहां वरिष्ठ व कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य के 12 पदों पर एकल नामांकन होने से सभी निर्विरोध चुने गए तो वहीं अध्यक्ष, महामंत्री समेत 11 पदों पर एक से अधिक उम्मीदवारों के मैदान में उतरने से चुनाव रोचक हो गया है। चुनाव मैदान में डटे उम्मीदवार पोस्टर, बैनर व सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार के साथ ही सदस्य अधिवक्ताओं से चेंबर-चेंबर व डोर-टू-डोर संपर्क कर वोट व समर्थन मांग रहे हैं। सोमवार 16 अक्तूबर 23 को सिविल बार एसोसिएशन के हाल में प्रातः आठ बजे से दोपहर ढाई बजे तक मतदान और इसके बाद तुरंत मतगणना प्रारंभ हो जाएगी। जैसे-जैसे रिजल्ट आएंगे परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।सिविल बार एसोसिएशन के 812 सदस्यों को मतदाता घोषित किया गया है। नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी के बाद अध्यक्ष पद के लिए रामपलट मिश्र, उपेन्द्र नाथ दुबे व बद्री प्रसाद दुबे और वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए प्रभाकर मिश्र,वामदेव, गोपेन्द्र गुप्ता, हरेश्याम विश्वकर्मा व महेन्द्र उपाध्याय चुनाव मैदान में हैं। महामंत्री के लिए अजय कुमार पाण्डेय, शशिप्रकाश शुक्ल, मारुत कुमार शुक्ल, दयाशंकर दुबे व रणविजय सिंह और उपाध्यक्ष के दो पदों पर सर्वेश चन्द्र दुबे, भूपेश कुमार शुक्ला, शिवाकांत तिवारी, शिवराम चौधरी और कनिष्ठ उपाध्यक्ष के एक सर्वेश कुमार पाण्डेय, प्रीत कुमार शुक्ल,कोषाध्यक्ष पद पर विमलेन्दु मणि त्रिपाठी, पवनसुत ओझा, तथा संयुक्त मंत्री के तीन पदों पर कृष्णनारायण पाण्डेय, रत्नेश कुमार पाएडेय, गुलाम नवी, राहुल शंकर दुबे, विकास शर्मा अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।