ग्लोबल स्कूल ऑफ न्यू एरा में विज्ञान प्रदर्शनी एवं ग्रैंड फेयर का भव्य आयोजन, बच्चों की प्रतिभा ने मोहा मन
आनन्दधर द्विवेदी
विशेषरगंज। ग्लोबल स्कूल ऑफ न्यू एरा, कसैला-बाबू, बस्ती में शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी एवं ग्रैंड फेयर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और हुनर का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 9:30 बजे हुआ। विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों ने विभिन्न प्रकार के आकर्षक वैज्ञानिक मॉडल एवं प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। वहीं ग्रैंड फेयर में विद्यार्थियों ने खाने-पीने के विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल लगाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। मेले में टिक्की, फूल, चाट, चाउमीन सहित कई तरह के स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ अपने-अपने स्टॉल का संचालन किया।
विद्यालय परिसर में पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। अभिभावकों एवं अतिथियों ने बच्चों द्वारा तैयार किए गए वैज्ञानिक मॉडल और विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा उनकी मेहनत और प्रतिभा की सराहना की। बच्चों के उत्साह, आत्मविश्वास और प्रस्तुतिकरण ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य सुनीता यादव ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करते हैं। इससे बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का विकास होता है।






Views Today : 17730
Who's Online : 23