सूर्या स्कूल में शिक्षक-अभिभावक सम्मेलन का भव्य आयोजन, मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित
मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने अभिभावकों से किया संवाद, कहा- बच्चों के सर्वांगीण विकास में शिक्षक और अभिभावक दोनों की भूमिका अहम
अर्धवार्षिक परीक्षा के परिणामों से अभिभावक संतुष्ट, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को गिफ्ट कूपन देकर किया गया सम्मानित
जितेन्द्र पाठक
#संतकबीरनगर। जिले के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान सूर्या सीनियर सेकेंड्री स्कूल परिसर में शनिवार को शिक्षक-अभिभावक सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। अर्धवार्षिक परीक्षा के उपरांत आयोजित इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, परीक्षा परिणाम तथा पढ़ाई के स्तर की जानकारी प्राप्त की। बच्चों के प्रदर्शन को देखकर अभिभावक संतुष्ट और उत्साहित नजर आए। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को गिफ्ट कूपन प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मेलन में पहुंचे अभिभावकों ने शिक्षकों के साथ संवाद कर बच्चों की पढ़ाई, उनकी प्रतिभा और शैक्षणिक स्तर को और बेहतर बनाने के उपायों पर चर्चा की। शिक्षकों ने भी अभिभावकों को विद्यार्थियों की प्रगति से अवगत कराते हुए आवश्यक सुझाव दिए।
इस अवसर पर सूर्या ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने एक्जिक्यूटिव डायरेक्टर सविता चतुर्वेदी एवं प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव के साथ विभिन्न कक्षाओं के लिए बनाए गए पटलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अभिभावकों से मुलाकात कर बच्चों के प्रदर्शन और विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था को लेकर उनका फीडबैक भी प्राप्त किया।
मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में शिक्षक एवं अभिभावक दोनों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उनकी प्रतिभा को पहचानना और निखारना भी जरूरी है। शिक्षक-अभिभावक सम्मेलन आपसी संवाद और बेहतर तालमेल स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। इससे बच्चों की शैक्षणिक प्रगति का आकलन करने और उनकी कमियों को समय रहते दूर करने में मदद मिलती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में विद्यालय प्रबंधन कोई कमी नहीं रखेगा।
एक्जिक्यूटिव डायरेक्टर सविता चतुर्वेदी ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की प्रतिभा को संवारने के प्रयास में विद्यालय के साथ सक्रिय रूप से जुड़े रहें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक रूप से ही नहीं, बल्कि सामाजिक और मानसिक रूप से भी मजबूत बनाना आवश्यक है। इसके लिए विद्यालय और अभिभावकों के बीच निरंतर संवाद एवं सहयोग जरूरी है।
सम्मेलन के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किए जाने से अन्य विद्यार्थियों में भी बेहतर प्रदर्शन करने का उत्साह देखने को मिला। आयोजन ने विद्यालय, शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थियों के बीच आपसी विश्वास एवं समन्वय को और मजबूत किया।
इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य शरद त्रिपाठी, नितेश द्विवेदी, आशुतोष पाण्डेय, आरती चौधरी सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्टाफ उपस्थित रहे।







Views Today : 17843
Who's Online : 33