डीएम और एसपी ने बखिरा थाने में सुनीं जनसमस्याएं, शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
राजस्व और पुलिस विभाग को आपसी समन्वय से शिकायतों का निस्तारण करने की हिदायत,
शिकायत पंजिका का निरीक्षण कर लिया फीडबैक
जितेन्द्र पाठक।
संतकबीरनगर। थाना समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को जिलाधिकारी अनुज मलिक एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने थाना बखिरा में आयोजित समाधान दिवस में संयुक्त रूप से पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व एवं पुलिस विभाग से जुड़े मामलों का निस्तारण आपसी समन्वय स्थापित करते हुए प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि पीड़ितों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
दोनों अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर शिकायतों का समाधान कर फरियादियों को राहत पहुंचाई जाए।
इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर में रखी शिकायत पंजिका का निरीक्षण किया। साथ ही पूर्व में निस्तारित हो चुकी शिकायतों के संबंध में फीडबैक भी लिया, जिससे शिकायतों के समाधान की गुणवत्ता की जानकारी प्राप्त की जा सके।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष बखिरा दुर्गेश पाण्डेय सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।







Views Today : 17842
Who's Online : 33