पशुपतिनाथ से लौटी श्री गंगा कलश यात्रा का हुआ भव्य स्वागत
-गंगाजल की अविरल धारा से मजबूत हो रही भारत-नेपाल की मैत्री – लक्ष्मीकांत ओझा
बस्ती। भारत और नेपाल की साझा धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने वाली श्री गंगा कलश यात्रा के शनिवार को हर्रैया विकासखंड के तिनौता गांव पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। नेपाल के काठमांडू स्थित प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर में गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के बाद वापस लौटी यात्रा का वरिष्ठ समाजसेवी लक्ष्मीकांत ओझा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर आत्मीय अभिनंदन किया। इस दौरान पूरा वातावरण श्रद्धा और भक्ति के भाव से सराबोर रहा।
स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए वरिष्ठ समाजसेवी लक्ष्मीकांत ओझा ने कहा कि मां गंगा केवल भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म की पहचान नहीं हैं, बल्कि भारत और नेपाल की अटूट आध्यात्मिक एकता की भी प्रतीक हैं। पशुपतिनाथ मंदिर में गंगाजल से जलाभिषेक की परंपरा दोनों देशों के बीच सदियों पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक और आत्मीय संबंधों को और मजबूत करती है। गंगाजल की यह अविरल धारा दोनों देशों के बीच मैत्री, प्रेम और सद्भाव का संदेश दे रही है। यात्रा का नेतृत्व कर रहे गंगोत्री धाम के रावल शिवप्रकाश महाराज ने बताया कि प्रतिवर्ष गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद 1100 लीटर से अधिक क्षमता वाले दिव्य कलश में पवित्र गंगाजल भरकर नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित पशुपतिनाथ मंदिर पहुंचाया जाता है। इसी पवित्र जल से वर्षभर भगवान पशुपतिनाथ का जलाभिषेक किया जाता है। यह परंपरा भारत और नेपाल की धार्मिक एकात्मता का अनुपम उदाहरण है।
इस अवसर पर राम समुझ ओझा, राम प्रसाद ओझा, अम्बिका प्रसाद ओझा, उमाकांत तिवारी, विंदेश्वरी ओझा, विनोद ओझा, जगदंबा प्रसाद ओझा, कृपाशंकर ओझा, प्रेम शंकर ओझा, सुभाष चंद्र, शिव शंकर शुक्ल, रमेश चौहान, वाल्मीक ओझा, देवांश, आयांश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।







Views Today : 17839
Who's Online : 33